भास्कर न्यूज | पलवल ऑटो चालक पर गांव के ही दबंगों ने लाठी-डंडा व लोहे की रॉड से हमला कर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद सहित तीन अन्य आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि बहरोला गांव निवासी सतीश कुमार ऑटो चालक है और उसने गांव निवासी पूर्व सरपंच सत्ते पर आरटीआई लगा रखी है। सत्ते की पुत्रवधू सरपंच है। आरटीआई का जवाब देने के लिए 26 अप्रैल को सत्ते को आठ दिन का समय दिया हुआ था। चार मई को सुबह वह ऑटो को पलवल से लेकर गांव की तरफ जा रहा था। केएमपी के पास एक कार ऑटो के आगे आकर रुकी। कार में सत्ते का बेटा सोनू व उधम तथा उनके तीन अन्य साथी बैठे हुए थे। कार के रुकते ही सभी कार से उतरे और उस पर पर लाठी-डंडा व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
Source: Dainik Bhaskar May 06, 2019 01:41 UTC